36 C
Lucknow
Tuesday, May 12, 2026

25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

Must read

– अपहरण-हत्या केस में 4 साल से था फरार

कन्नौज।पुलिस और बदमाश के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी सागर उर्फ धर्मवीर घायल हो गया। आरोपी पिछले चार वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था और उसके खिलाफ अपहरण, हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक एसओजी, सर्विलांस टीम और छिबरामऊ कोतवाली पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे बदमाश की लोकेशन मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने फर्रुखाबाद रोड पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद करने का दावा किया है। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सुरक्षा कारणों से अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
सूत्रों के मुताबिक सागर उर्फ धर्मवीर पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर बच निकलता रहा। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों में शामिल बताया जाता है।
कन्नौज पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। फर्रुखाबाद और कन्नौज बॉर्डर क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर लगातार दबाव बनाए जाने के बाद पुलिस अब पुराने वांछित अपराधियों की धरपकड़ में तेजी ला रही है।
स्थानीय लोगों में मुठभेड़ की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। देर रात तक फर्रुखाबाद रोड पर पुलिस की गतिविधियां तेज रहीं और आने-जाने वाले वाहनों की जांच भी की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के नेटवर्क और उसके साथियों की तलाश में आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article