शमशाबाद, फर्रुखाबाद। विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम बरई में गली निर्माण न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जल्द गली निर्माण कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार लाखों रुपये की धनराशि उपलब्ध करा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते गांवों की स्थिति आज भी बदहाल बनी हुई है। गांव की गलियां क्षतिग्रस्त पड़ी हैं, नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी ग्राम प्रधान द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीण जीत सिंह, अनिल कुमार, सुबोध कुमार, पुनीत कुमार, गोलू, ओमवीर तथा प्रमोद कुमार समेत कई लोगों ने बताया कि लंबे समय से गांव की गलियां टूटी पड़ी हैं। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। उनका कहना था कि पंचवर्षीय कार्यकाल समाप्ति की ओर है, लेकिन गांव में विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम विकास के नाम पर धनराशि तो निकाली गई, लेकिन धरातल पर कार्य नहीं कराए गए। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से मामले की जांच कराते हुए गांव की क्षतिग्रस्त गलियों का निर्माण कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


