शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में फैजाबाद-शमशाबाद मार्ग पर सोमवार को एक बाइक सवार युवक और किशोर के बीच हुई टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल बाइक चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम अददूपुर निवासी अजीत कुमार पुत्र सुनील कुमार किसी आवश्यक कार्य से बाइक द्वारा शमशाबाद गए हुए थे। वापस लौटते समय जब वह फैजाबाद-शमशाबाद मार्ग पर ग्राम कुइयाखेड़ा के निकट एक ढाबे के पास पहुंचे, तभी अचानक एक किशोर सड़क पर सामने आ गया।
बताया गया है कि बाइक चालक ने किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक सामने आने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर किशोर से टकरा गई। हादसे में किशोर के साथ-साथ बाइक सवार अजीत कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाइक चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मौके पर पहुंचे यादव महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. हरिनंदन सिंह यादव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तथा अपना दल के पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल गंगवार ने चिकित्सक डॉ. सरबर इकबाल से घायल युवक के बेहतर उपचार की बात कही।
वहीं दुर्घटना में घायल किशोर का उपचार कस्बे के एक निजी नर्सिंग होम में कराए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किशोर से टकराई बाइक, दोनों घायल, सीएचसी में उपचार जारी


