35 C
Lucknow
Monday, May 11, 2026

देर रात घर के बाहर से पालतू गाय चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

Must read

फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात पालतू गाय चोरी होने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मुंह पर कपड़ा बांधे दो अज्ञात व्यक्ति घर के बाहर घूम रही गाय को पकड़कर अपने साथ ले गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नुनहाई निवासी राजेश मिश्रा की पालतू गाय रविवार रात घर के बाहर घूम रही थी। देर रात करीब दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। आरोप है कि दोनों व्यक्ति गाय को पकड़कर मोहल्ला कटरा की ओर ले गए।
सुबह जब परिजनों ने गाय को गायब देखा तो उनकी चिंता बढ़ गई। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई लेकिन गाय का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो घटना सामने आई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक गाय को अपने साथ ले जाते नजर आ रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में चर्चा का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासे की मांग की है। लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त व्यवस्था मजबूत न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
पीड़ित राजेश मिश्रा ने मामले की सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दे दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं गाय की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article