नई दिल्ली: Mother’s Day पर देश के कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए माताओं के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने मां को त्याग, ममता, संस्कार और शक्ति का प्रतीक बताते हुए उनके योगदान को समाज और जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया। दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने भी मदर्स डे पर मातृशक्ति को नमन किया।
दिल्ली मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- माँ केवल एक संबंध नहीं, वह वात्सल्य, त्याग, संस्कार और अटूट स्नेह की वह शक्ति हैं जो जीवन को दिशा और संवेदना प्रदान करती हैं। समाज की नैतिक एवं मानवीय चेतना के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका सर्वोपरि है। मातृ दिवस के अवसर पर समस्त माताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ। आपका स्नेह, धैर्य और समर्पण हमारी संस्कृति और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने आगे लिखा कि- ल्ली की बेटियां सुरक्षित, सम्मान के साथ और आत्मविश्वास से आगे बढ़ें, इसी संकल्प के साथ निःशुल्क बस यात्रा से लेकर स्कूली छात्राओं को मुफ्त साइकिल जैसी अनेक पहलें निरंतर आगे बढ़ाई जा रही हैं। मदर्स डे पर उन सभी माताओं को हृदय से नमन, जिनके संस्कार, स्नेह और आशीर्वाद पीढ़ियों का भविष्य गढ़ते हैं, और उन सभी बेटियों को शुभकामनाएं जो अपने सपनों से नए भारत का उज्ज्वल कल लिख रही हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे लिखा कि- जब एक बेटी आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की ओर बढ़ती है, तो उसके साथ एक मां का विश्वास भी आगे बढ़ता है। दिल्ली की बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को नई शक्ति देने का हर प्रयास इसी भावना को समर्पित है।


