32 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

फर्रुखाबाद रोडवेज पर गूंजा महाराणा प्रताप का जयघोष

Must read

– डीएम डॉ अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह ने खुद संभाली तैयारियों की कमान
– जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद नें पूरी की कार्यक्रम की तैयारी
फर्रुखाबाद। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती इस बार फर्रुखाबाद में ऐतिहासिक और भव्य अंदाज में मनाई जा रही है। पूरे देश में सरकार, प्रशासन और पुलिस विभाग महाराणा प्रताप की जयंती को गौरव पर्व के रूप में मना रहे हैं, वहीं जिले में भी इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
फर्रुखाबाद रोडवेज परिसर में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा के अनावरण को लेकर जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की कमान संभाली और कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, और आमजन की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद ने इस ऐतिहासिक कार्य के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजकर लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि प्रतिमा के पेडेस्टल निर्माण हेतु स्वीकृत कराई थी। वहीं परिवहन विभाग ने रोडवेज परिसर में प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराई, जबकि पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए विशेष फंड जारी किया गया।
जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ने भी आयोजन को भव्य बनाने के लिए कई दिनों से तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह केवल प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं को राष्ट्रभक्ति, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है।
बीते दिन भी जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे और निर्माण कार्यों से लेकर अंतिम व्यवस्थाओं तक का जायजा लिया था। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार कराई है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
फर्रुखाबाद में पहली बार इतने बड़े स्तर पर महाराणा प्रताप जयंती आयोजन को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। शहरभर में भगवा ध्वज, स्वागत द्वार और देशभक्ति के संदेशों से माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति में रंगा नजर आ रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article