27 C
Lucknow
Friday, May 8, 2026

उजड़ गया पूरा परिवार: ट्रक में घुसी बाइक, पति-पत्नी समेत तीन मासूम बच्चों की मौत

Must read

 

बुलंदशहर

देहात कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर शुक्रवार शाम ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। रिश्तेदारी से खुश होकर लौट रहा एक परिवार कुछ ही सेकंड में सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी और पति-पत्नी समेत तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर बिखरे शव और चीख-पुकार का मंजर देखकर लोगों का दिल दहल उठा।
जानकारी के अनुसार, धमेड़ा कीरत गांव निवासी उत्तम सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चों निशांत, दिशा और अनायरा के साथ खुर्जा रिश्तेदारी में गए थे। परिवार ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब पूरा परिवार बाइक से वापस लौट रहा था, तभी भैसौली कट के पास यह भीषण हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उत्तम सिंह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और बाइक सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। सड़क पर पति-पत्नी और तीनों बच्चों के शव एक-दूसरे के ऊपर पड़े थे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। उधर, ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बताया गया है कि उत्तम सिंह सिकंदराबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे और मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। बड़ा बेटा निशांत कक्षा तीन में पढ़ता था, बेटी दिशा दूसरी कक्षा की छात्रा थी, जबकि सबसे छोटी बेटी अनायरा अभी पहली कक्षा में थी। गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप और सीओ सिटी प्रखर पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी ने बताया कि ट्रक हरियाणा नंबर का है और जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article