कौशांबी
पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी बाजार में बुधवार दोपहर एक कार गैरेज में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो महंगी गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। गैरेज मालिक मनीष केसरवानी के अनुसार, उनकी महिंद्रा XUV700 पहले से गैरेज में खड़ी थी, जबकि उनके छोटे भाई ने करीब 2:30 बजे अपनी एमजी हेक्टर वहां पार्क की थी।
इसी दौरान अचानक गैरेज के अंदर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में दोनों गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन तेज लपटों के कारण कोई भी आग पर काबू नहीं पा सका।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग गैरेज व अन्य बंद स्थानों में सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस कर रहे हैं।


