30 C
Lucknow
Wednesday, May 6, 2026

मेडिकल वेस्ट पर बड़ा एक्शन, लकूला रोड का गायत्री हॉस्पिटल सील

Must read

फर्रुखाबाद। जिले में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टीम ने आवास विकास और लकूला रोड स्थित निजी चिकित्सालयों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान गंभीर खामियां मिलने पर लकूला रोड स्थित गायत्री हॉस्पिटल को सील कर दिया गया, जिससे निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनेंद्र कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में जिला गंगा समिति की जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कानपुर के वैज्ञानिक सहायक एस.डी. सिंह, लैब टेक्नीशियन प्रसून पाल और पर्यावरण सहायक गुंजा जैन शामिल रहे। टीम ने अस्पतालों में मेडिकल वेस्ट के निस्तारण, साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान गायत्री हॉस्पिटल में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनेंद्र कुमार, डॉ. शोभा सक्सेना, डॉ. श्वेता और डॉ. आलोक सिंह की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को जिले में चल रही “जीरो टॉलरेंस” नीति का बड़ा संदेश माना जा रहा है।
इसके अलावा द केयर हॉस्पिटल, जेपी हॉस्पिटल, भल्ला हॉस्पिटल, डॉ. आर सिंह हॉस्पिटल, सृष्टि गीतराज हॉस्पिटल और श्री साईं हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने सभी अस्पताल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेडिकल वेस्ट का प्रतिदिन वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण में अस्पतालों की कूड़ेदान व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, स्वच्छता कर्मियों की उपलब्धता तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एनओसी की भी जांच की गई। अधिकारियों ने कहा कि अस्पतालों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट खुले में फेंकना या निर्धारित प्रक्रिया का पालन न करना सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।
टीम ने जैव चिकित्सा अपशिष्ट उठाने वाली कंपनी “विल वर्ल्ड” को भी निर्देश दिए कि लॉगबुक सही तरीके से भरी जाए और प्रतिदिन मेडिकल वेस्ट निस्तारण का पूरा रिकॉर्ड दर्ज किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनेंद्र कुमार ने साफ चेतावनी दी कि मेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों की अनदेखी करने वाले अस्पतालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जाएगा और स्वास्थ्य मानकों से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article