30 C
Lucknow
Wednesday, May 6, 2026

डीएम डॉ. अंकुर लाठर व एसपी आरती सिंह की सख्ती, अपराधियों पर कसा शिकंजा—कानून व्यवस्था मजबूत करने के दिए सख्त निर्देश

Must read

फर्रुखाबाद। कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली की गहन समीक्षा करते हुए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में कानून का राज स्थापित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समाज में भय और आतंक का माहौल बनाने वाले अपराधियों एवं माफियाओं के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि चिन्हित गैंगस्टरों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत जब्त किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाने, समयबद्ध तरीके से चार्जशीट दाखिल करने और प्रत्येक केस की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, टॉप-10 अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article