32 C
Lucknow
Wednesday, May 6, 2026

नूंह हादसे में शहीद चार पुलिसकर्मियों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

Must read

– पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर, नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि

उरई (जालौन),। हरियाणा के नूंह में एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले जालौन पुलिस के चार कर्मियों को बुधवार को पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान माहौल गमगीन रहा और हर आंख नम दिखी।
हादसे में सब इंस्पेक्टर मोहित यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही अशोक और सिपाही प्रदीप की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद चारों के पार्थिव शरीर कड़ी सुरक्षा के बीच जालौन लाए गए। पुलिस लाइन पहुंचते ही अधिकारियों व जवानों ने दिवंगतों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान एडीजी कानपुर आलोक कुमार, आईजी झांसी आशीष कुलाहरि, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी व क्षेत्राधिकारी संजय कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शोक सभा में मौजूद लोगों की आंखें नम रहीं। मृतक पुलिसकर्मियों के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे। पार्थिव शरीर देखते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अधिकारियों व स्थानीय लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया। श्रद्धांजलि के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद पुलिस की कड़ी सुरक्षा में शवों को उनके पैतृक आवास के लिए रवाना किया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अधिकारियों ने दिवंगतों को कर्तव्यनिष्ठ और बहादुर बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, विधायक विनोद चतुर्वेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article