32 C
Lucknow
Wednesday, May 6, 2026

मेट्रोमोनियल साइट पर फर्जी दरोगा बनकर ठगी, बरेली की शिक्षिका से 22.5 लाख रुपये ऐंठे

Must read

उत्तर प्रदेश के बरेली में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षिका को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने खुद को पुलिस दरोगा बताकर भरोसा जीता और बाद में मकान खरीदने के नाम पर करीब 22.5 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पीड़िता ने बारादरी थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी मुलाकात मेट्रोमोनियल साइट पर काशीपुर निवासी रितिक कंबोज से हुई थी। आरोपी ने खुद को दरोगा बताकर भरोसा कायम किया और शादी का प्रस्ताव रखा। कुछ समय बाद उसने मकान खरीदने के लिए 20 लाख रुपये की जरूरत बताई।
शिकायत के अनुसार, 25 फरवरी को आरोपी बरेली आया और शिक्षिका को बैंक ले जाकर उसके खाते से 10 लाख रुपये निकलवाए। इसके बाद वह उसे गाजियाबाद ले गया, जहां आर्य समाज मंदिर में शादी करने का दावा किया और फिर वापस छोड़ गया।
अगले दिन आरोपी ने मकान की रजिस्ट्री के नाम पर फिर 10 लाख रुपये मांगे, जिसे पीड़िता ने आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर कर दिया। बाद में आरोपी ने बहाने बनाकर टालमटोल शुरू कर दी और कुछ समय तक संपर्क भी बंद कर दिया। इसके बाद उसने और पैसों की मांग की, जिस पर पीड़िता ने ढाई लाख रुपये और भेज दिए।
बाद में जांच में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर कुल 22.5 लाख रुपये ठग लिए और अब उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article