आगरा
अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती जारी है। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की टीम ने मंगलवार को बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे तीन निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई शाहगंज और शास्त्रीपुरम क्षेत्रों में की गई, जिससे अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया।
एडीए की उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली के अनुसार, शाहगंज वार्ड के शिवाजी नगर क्षेत्र में विनोद कुमार गोयल द्वारा उमंग मैरिज होम के पास अवैध निर्माण कराया जा रहा था। वहीं अर्जुन नगर स्थित ठाकुर टेंट हाउस के पास नवीन कुमार भी बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण करा रहे थे। इन दोनों मामलों में एडीए ने अधिनियम की धारा 28 क (1) के तहत कार्रवाई करते हुए भवनों को सील कर दिया।
इसी तरह शास्त्रीपुरम के लोहामंडी वार्ड स्थित बी-ब्लॉक में भवन संख्या एलआईजी-75 पर अमित गुप्ता और अन्य द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। सूचना मिलने पर एडीए की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल प्रभाव से निर्माण को सील कर दिया गया।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सील की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित भवन स्वामियों की होगी। यदि किसी भी स्थिति में सील तोड़ी जाती है, तो संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एडीए की प्रवर्तन टीम और सचल दस्ता भी मौके पर मौजूद रहा।
एडीए अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना अनुमति निर्माण करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।


