फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर अंदर घुसकर नगदी और कीमती जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम दहेलिया खेड़ा निवासी मीरा देवी के घर पर यह घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए चुपचाप कमरे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर सामान खंगालना शुरू कर दिया।
सुबह जब परिजन जागे तो कमरे का ताला टूटा मिला और भीतर रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर में चोरी होने का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता के अनुसार, चोर घर से सोने के झुमके, एक चेन, चांदी की पायल सहित करीब 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है, जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
रात के सन्नाटे में घर खंगाल ले गए चोर, नगदी और जेवर लेकर फरार


