फर्रुखाबाद। शहर के श्याम नगर क्षेत्र में विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से लॉरेंस स्कूल की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। थोड़ी सी बारिश के बाद ही सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क के किनारे डाली गई मिट्टी बारिश के चलते बहकर सड़क पर आ गई, जिससे पूरा रास्ता फिसलन भरे कीचड़ में बदल गया। हालत यह है कि न तो दोपहिया और न ही चारपहिया वाहन आसानी से गुजर पा रहे हैं।
राहगीरों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में पैदल ही कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चों और अभिभावकों को भी खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की स्थिति सुधारने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके
हल्की बारिश में ही दलदल बनी श्याम नगर की सड़क, राहगीरों का निकलना मुश्किल


