फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर पिलही गांव में एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रोहित, पुत्र स्वर्गीय सुखराम के रूप में हुई है, जो अपने घर में अकेला रहता था।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान सचान यादव ने पुलिस को दी। बताया गया कि रोहित ने मकान की छत में लगी सरिया से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहित पहले से ही कई परेशानियों से जूझ रहा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, और वह परिवार का इकलौता बेटा था। आर्थिक तंगी के चलते वह काफी तनाव में रहता था। इसके साथ ही अपनी बहन काजल की शादी और खुद की शादी न हो पाने को लेकर भी वह मानसिक दबाव महसूस कर रहा था।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। खासतौर पर उसकी बहन काजल का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है, और लोग इसे बेहद दुखद बता रहे हैं।
थाना अध्यक्ष आलोक पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


