फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित सिविल लाइन चौकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक फोटो में एक युवक को चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर बैठे हुए देखा जा रहा है, जिसे लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि युवक का नाम निकित यादव है, जो कथित रूप से बेखौफ होकर सरकारी कुर्सी पर बैठता है और खुद को प्रभावशाली दिखाते हुए आम लोगों पर धौंस जमाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कोई एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि युवक अक्सर चौकी परिसर में इस तरह का व्यवहार करता नजर आता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जिस समय युवक चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर बैठा था, उस दौरान चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताई गई। इससे पुलिस की अनुशासन व्यवस्था और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह बाहरी लोग पुलिस चौकी के अंदर अधिकार जताने लगेंगे, तो आम जनता का कानून व्यवस्था से भरोसा उठना स्वाभाविक है। लोगों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर युवक का कब्ज़ा, पुलिस व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल


