अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो मोटरसाइकिल और एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार और आसपास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की। हादसे में लालचंद्र, उत्तम, कैफी, राजू, आदित्य और दिव्यांशु सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कई लोगों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी दो सगे भाई आदित्य (25) और छोटू उर्फ दिव्यांश (14) एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। परिवार में दोनों की मौत की खबर से मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवारों को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।
पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कुछ शवों की पहचान अभी भी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे में कुल 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें उत्तम, आदित्य, छोटू, राजू, लालचंद, कैफे सहित अन्य शामिल हैं। यह घटना पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल छोड़ गई है।


