27 C
Lucknow
Sunday, May 3, 2026

एनसीसी कैडेट हिमांशु त्रिपाठी के निधन पर शोक, अधिकारियों ने परिजनों को दी सांत्वना

Must read

 

हमीरपुर जनपद के राठ कस्बे में एनसीसी कैडेट छात्र हिमांशु त्रिपाठी के असामयिक निधन से शोक की लहर है। 58 बटालियन एनसीसी उरई के अधिकारियों ने उनके गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और गहरा दुःख व्यक्त करते हुए सांत्वना दी।

जरिया थाना क्षेत्र के अलकछवा गांव निवासी हिमांशु त्रिपाठी, पुत्र रमाकांत त्रिपाठी, का कुछ दिन पहले एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया था। बताया गया कि घर में भूसा डालते समय वह सीलिंग फैन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

हिमांशु बीएनवी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 कला वर्ग का छात्र था और इस वर्ष कक्षा 12 में प्रवेश लेने वाला था। वह एनसीसी का एक सक्रिय और होनहार कैडेट था, जो अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाना जाता था। विद्यालय और साथियों के बीच उसकी एक अलग पहचान थी।

घटना की जानकारी मिलने पर कर्नल एसके सिंह के निर्देश पर एनसीसी टीम अलकछवा गांव पहुंची। इस टीम में मेजर संतराम, नायब सूबेदार महक सिंह और हवलदार हरीभक्त राउत शामिल थे। उन्होंने मृतक के दादा बाबूराम त्रिपाठी सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

मेजर संतराम ने कहा कि एनसीसी परिवार का हर सदस्य महत्वपूर्ण होता है और इस दुख की घड़ी में पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है। वहीं कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेश चन्द्र आर्य ने भी शोक संदेश भेजते हुए हिमांशु को अनुशासित, प्रतिभाशाली और सक्रिय छात्र बताया, जिसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article