27 C
Lucknow
Sunday, May 3, 2026

कड़ी सुरक्षा के बीच नीट यूजी परीक्षा आयोजित, 10 केंद्रों पर दोपहर 2 से 4 बजे तक हुई परीक्षा

Must read

 

मैनपुरी

जनपद में राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी का आयोजन रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां हजारों परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित समय पर आयोजित हुई।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
केंद्रों पर पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश से पहले कड़ी चेकिंग प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। अभ्यर्थियों के जूते-चप्पल और बैग बाहर ही रखवा लिए गए, जबकि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया था। केवल निर्धारित ड्रेस कोड और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी भारी भीड़ देखने को मिली, जो अपने बच्चों के लिए शुभकामनाएं देते नजर आए। वहीं, गर्मी को देखते हुए कई केंद्रों पर पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने समय-समय पर विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
नीट यूजी परीक्षा को देश के सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक माना जाता है, जिसके माध्यम से अभ्यर्थियों को एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य मेडिकल कोर्सों में प्रवेश मिलता है। ऐसे में परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह और तनाव दोनों देखने को मिला।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article