27 C
Lucknow
Sunday, May 3, 2026

पुराने विवाद में सरेराह फायरिंग,आरोपी फरार

Must read

 

औरैया

शहर के मोहल्ला नारायनपुर में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने सरेराह तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। अचानक चली गोली की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों व दुकानों में दुबक गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मामला करीब दो महीने पुराने सड़क हादसे से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि उस समय दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हुआ था, जिसके तहत आरोपी पक्ष को घायल व्यक्ति का इलाज कराने और क्षतिग्रस्त वाहन की मरम्मत का खर्च उठाना था। आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपी ने अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
रविवार शाम करीब छह बजे आरोपी युवक नारायनपुर मोहल्ले में पहुंचा और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने अचानक तमंचा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां मामूली विवाद भी हिंसक रूप ले लेते हैं और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article