फर्रुखाबाद। जिले के पुलिस प्रशासन में अहम बदलाव के तहत अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा रहे गिरीश कुमार सिंह ने आज अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके कार्यभार संभालते ही पुलिस महकमे में नई सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि तबादला आदेश जारी होने के करीब एक माह बाद गिरीश कुमार सिंह ने जिले में आमद दर्ज कराई है। उनके आगमन के साथ ही अब जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में काम तेज होने की संभावना है।
वहीं, अब तक अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत अरुण कुमार सिंह का स्थानांतरण लखनऊ स्थित यातायात निदेशालय में कर दिया गया है। उनके स्थानांतरण के बाद यह पद रिक्त था, जिसे अब गिरीश कुमार सिंह ने संभाल लिया है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नए एएसपी के अनुभव का लाभ जिले को मिलेगा और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को और बेहतर किया जा सकेगा।


