27 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

भरथना रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया सघन निरीक्षण

Must read

 

इटावा

जनपद के भरथना रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया।
डीआरएम सुबह करीब 11:45 बजे विशेष निरीक्षण ट्रेन से इटावा जंक्शन होते हुए भरथना पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले प्लेटफार्म संख्या दो पर स्थित रेल संचालन कक्ष का निरीक्षण किया और वहां की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसके बाद टिकट घर, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म व्यवस्था और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान रेलवे फाटक संख्या 20-बी के पास प्रस्तावित नए फुट ओवरब्रिज को लेकर भी चर्चा हुई। डीआरएम ने संबंधित फाइलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए। वहीं स्थानीय व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष संतोष चौहान के नेतृत्व में डीआरएम से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
व्यापारियों ने बताया कि रेलवे लाइन के कारण भरथना नगर दो हिस्सों में बंट गया है, जिससे राजागंज, मोतीगंज, कल्याण नगर, बाजपेई नगर, यादव नगर और नगला पूठ सहित कई क्षेत्रों के लोगों को मुख्य बाजार तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान ओवरब्रिज काफी दूर और जर्जर हालत में है, जिससे छोटे वाहनों और पैदल यात्रियों को परेशानी होती है। इस पर डीआरएम ने आश्वासन दिया कि प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज स्थल का पुनः परीक्षण कराया जाएगा और जनता व व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
इसके अलावा डीआरएम ने रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया और जर्जर हो चुके पुराने क्वार्टरों को चिन्हित करते हुए उनके स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आवास बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। साथ ही प्लेटफार्म संख्या दो पर स्थित वेटिंग रूम के कायाकल्प और प्लेटफार्म संख्या तीन पर प्वाइंटमैन हट के नवीनीकरण के भी निर्देश दिए गए।
स्टेशन के आसपास जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीआरएम ने अधिकारियों को जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव से यात्रियों और स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानियों को खत्म करने के लिए स्थायी समाधान तैयार किया जाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए खाटू श्याम और वैष्णो देवी जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए ट्रेनों के ठहराव की मांग की, साथ ही कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों को पुनः संचालित करने की भी अपील की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य यातायात प्रबंधक अमित आनंद, वरिष्ठ अधिकारी अमित गुप्ता, स्टेशन मास्टर मनोज कुमार सहित रेलवे के कई अधिकारी उपस्थित रहे। डीआरएम के इस दौरे से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में भरथना रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article