29 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, टेंपो चालकों को दी कड़ी चेतावनी

Must read

यातायात प्रभारी ने टेंपो में चालक के बगल वाली सीटों को हटाया, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयास

फर्रुखाबाद। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर यातायात विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए और उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान खास तौर पर टेंपो चालकों पर नजर रखी गई। यातायात प्रभारी ने टेंपो चालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे चालक सीट के पास या आगे की ओर किसी भी सवारी को न बैठाएं। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कई टेंपो में चालक के दोनों ओर लगी अतिरिक्त सीटों को मौके पर ही हटवाया गया, ताकि आगे बैठकर यात्रा करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।
इसके अलावा, स्कूली वाहनों की भी जांच की गई और चालकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। उन्हें ओवरलोडिंग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सभी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की हिदायत दी गई।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि यह अभियान नगर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप का माहौल देखा गया, वहीं आम नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में एक जरूरी कदम बताया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article