चंदौली: यूपी के चंदौली (Chandauli) में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नौगढ़ थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कौवाघाट पुल के पास से एक मोटरसाइकिल पर ले जाए जा रहे 32.100 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार (arrested) किया। गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 8.50 लाख रुपये है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। मुख्य आरोपी मुलायम यादव (बिहार निवासी) सस्ते दामों पर बिहार से गांजा खरीदता था। वह अपने साथी बलवंत यादव उर्फ गुल्लू के साथ मिलकर इसे चन्दौली, मिर्जापुर और सोनभद्र जिलों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचता था, वह इसी अवैध कारोबार से अपनी आजीविका चला रहे था।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मुलायम यादव (30 वर्ष), निवासी ग्राम चौधरना, थाना आधौरा, जिला भभुआ (बिहार) और बलवंत यादव उर्फ गुल्लू (32 वर्ष), निवासी ग्राम केसार, थाना चकरघट्टा, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों के पास से 32.100 किलोग्राम अवैध गांजा और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।


