23 C
Lucknow
Thursday, April 30, 2026

छेड़छाड़ की शिकायत के बाद लौटते परिवार पर हमला

Must read

 

 

 

एटा। जनपद के एटा के रिजोर थाना क्षेत्र में एक किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध करना उसके परिवार के लिए भारी पड़ गया। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद घर लौट रहे पीड़ित पक्ष पर आरोपितों ने रास्ते में घात लगाकर हमला बोल दिया। दबंगों ने परिवार के लोगों को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे एक ही पक्ष के छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार शाम की है जब किशोरी खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील टिप्पणियां कीं। घर पहुंचकर किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार के लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचे। आरोप है कि थाने से लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और अचानक हमला कर दिया।

हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीड़ितों को बुरी तरह पीटा, जिससे महिलाएं और पुरुष समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर हमलावर मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दबंगों की गुंडई साफ नजर आ रही है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, जिससे ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article