27 C
Lucknow
Monday, May 4, 2026

ट्रैक्टर-कार की भिड़ंत में पांच घायल, एक की हालत गंभीर

Must read

कंपिल। गुरुवार दोपहर कंपिल-अलीगंज मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक कार और सामने से आ रहे ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रैक्टर का पहिया भी बुरी तरह टूट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव होतेपुर निवासी मोहित राजपूत अपनी कार से कंपिल निवासी रमेश को उनके घर छोड़ने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार कंपिल-अलीगंज मार्ग पर एक विद्यालय के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई।

इस हादसे में कार सवार मोहित राजपूत सहित ट्रैक्टर पर सवार होतेपुर निवासी शिवानंद, अनिल, सर्वेश और सुरजीत घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल सुरजीत की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।

अंतिम संस्कार में जा रहे थे ट्रैक्टर सवार

ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर पर सवार सभी लोग एक युवती के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अटैना घाट जा रहे थे। इस बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article