29 C
Lucknow
Thursday, April 30, 2026

नवाबगंज में फीडर ब्रेकडाउन से 22 गांवों की बिजली ठप, सुबह से लोग परेशान

Must read

 

फर्रुखाबाद

जनपद के नवाबगंज क्षेत्र में गुरुवार सुबह अचानक विद्युत आपूर्ति ठप हो जाने से नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया। नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े टाउन फीडर में सुबह करीब 6 बजे अचानक ब्रेकडाउन हो गया, जिसके चलते नवाबगंज नगर समेत लगभग 22 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, फीडर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा कई बार आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने नवाबगंज टाउन फीडर को ब्रेकडाउन घोषित कर दिया और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
सूचना मिलते ही लाइनमैन अनिरुद्ध कुमार, प्रदीप कुमार और गौरव सहित विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन की पेट्रोलिंग शुरू कर दी। फॉल्ट की तलाश के लिए टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जा सके।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से सबसे ज्यादा परेशानी आम जनता को उठानी पड़ी। सुबह के समय बिजली न होने से जहां घरों में पेयजल संकट गहरा गया, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। गर्मी के मौसम में पंखे और कूलर बंद हो जाने से लोगों को उमस और गर्मी से जूझना पड़ा।
नोडल अधिकारी गोपाल मिश्रा ने बताया कि फीडर में आई खराबी का पता लगाने के लिए टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही फॉल्ट की पहचान हो जाएगी, तुरंत मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभाग का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द राहत दी जाए।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि इस तरह की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में बार-बार होने वाली बिजली कटौती से निजात मिल सके। फिलहाल पूरे क्षेत्र के लोग बिजली बहाली का इंतजार कर रहे हैं और विभाग की कार्यवाही पर नजर बनाए हुए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article