बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से ठीक दो दिन पहले एक युवती अपने घर से अचानक लापता हो गई। इस दौरान घर से करीब 5 लाख रुपये नकद और जेवर भी गायब पाए गए। परिजनों ने पड़ोसी युवक सहित पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार की बेटी की शादी 29 अप्रैल को तय थी। परिवार ने शादी की तैयारियों के लिए घर में नकदी और जेवर रखे थे। 26 अप्रैल को मां अपने बेटे के साथ एक शादी समारोह में गई थीं, जबकि घर पर पिता और दो बेटियां मौजूद थीं। जब 27 अप्रैल को वे वापस लौटे, तो बड़ी बेटी घर से गायब थी और कीमती सामान भी नहीं मिला।
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद जब मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें पड़ोसी युवक अमन को युवती के साथ जाते हुए देखा गया। इसी आधार पर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
मां ने आरोप लगाया है कि अमन ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, जबकि उसके पिता ओमकार, मां, भाई आकाश और एक दोस्त ने भी इस पूरे मामले में सहयोग किया है। परिवार का कहना है कि यह एक सुनियोजित साजिश हो सकती है।
आरोप है कि जब परिवार ने अमन के पिता से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि अमन पिछले तीन दिनों से घर नहीं आया है। बाद में उन्होंने फोन उठाना भी बंद कर दिया, जिससे शक और गहरा गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और शादी वाले घर में मातम जैसा माहौल बना हुआ है। परिवार युवती की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।


