29 C
Lucknow
Wednesday, April 29, 2026

दिनदहाड़े टप्पेबाजी, महिला से झुमके और नकदी लेकर फरार, CCTV में कैद आरोपी की तलाश जारी

Must read

 

 

 

हमीरपुर में बुधवार दोपहर को एक सनसनीखेज टप्पेबाजी की घटना सामने आई, जिसने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली से कुछ ही दूरी पर अज्ञात टप्पेबाज एक महिला के सोने के झुमके और नकदी लेकर फरार हो गया।

घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के इस्लामिया इंटर कॉलेज के पास करीब डेढ़ बजे हुई। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव की रहने वाली 35 वर्षीय केतकी प्रजापति जिला अस्पताल में इलाज के लिए आई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे बातचीत शुरू कर विश्वास में ले लिया।

आरोप है कि टप्पेबाज ने महिला को बातों में उलझाकर उनके कान के झुमके और लगभग 900 रुपये अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद वह महिला को साथ लेकर अस्पताल के बाहर तक आया और अचानक मौका पाकर फरार हो गया।

घटना का अहसास होने पर पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था।

पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति की फुटेज सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान करने का दावा किया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार, पीड़िता से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद इलाके में लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं कोतवाली के इतने करीब हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article