कासगंज
जनपद के सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव सेमरा मोर्चा में मंगलवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के पास बने एक कुएं में चार वर्षीय मासूम का शव उतराता हुआ मिला। दोपहर से लापता बच्चे का शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सेमरा मोर्चा निवासी ग्रीस चंद्र गोला का चार वर्षीय पुत्र माधव मंगलवार दोपहर अचानक घर से लापता हो गया था। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने आसपास के इलाकों, खेतों व पड़ोस में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अनहोनी की आशंका से चिंतित परिजनों ने शाम करीब पांच बजे डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद जब कोई सफलता नहीं मिली, तो परिजन निराश होकर घर लौट आए। देर रात करीब 11 बजे अचानक परिजनों की नजर घर के पास बने कुएं पर पड़ी। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। करीब 15 फीट गहरे कुएं में पानी के ऊपर मासूम का शव उतराता दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक नेत्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक ने बताया कि मासूम की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
मासूम माधव की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वह चार बहनों के बीच इकलौता भाई था, जिससे उसकी मौत के बाद घर में मातम छा गया है। मां सरिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता ग्रीस चंद्र गोला समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।


