फर्रुखाबाद। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्याम नगर में प्रांतीय स्तर की प्रधानाचार्य कार्य योजना बैठक का विधिवत शुभारंभ वंदना सत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से हेमचंद (क्षेत्रीय संगठन मंत्री, पूर्वी उत्तर प्रदेश), श्रीराम (प्रांत प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कानपुर प्रांत), रजनीश (प्रांत संगठन मंत्री), अयोध्या प्रसाद (प्रदेश निरीक्षक, कानपुर प्रांत), रामप्रकाश पोरवाल (प्रांत मंत्री), आर.के. सिंह (सह मंत्री) सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकृष्ण वाजपेई ने अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका सम्मान किया। वंदना सत्र के दौरान प्रांत प्रचारक श्रीराम ने प्रधानाचार्यों को कार्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित समीक्षा, समन्वय और सक्षम कार्यकर्ताओं के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद ने बैठक की प्रस्ताविकी प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस दौरान सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों को सम्मानित भी किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भावुक और प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रांत मंत्री रामप्रकाश पोरवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र सिंह (प्रधानाचार्य, खागा) द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
इस बैठक के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, संगठनात्मक समन्वय और कार्य योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर व्यापक चर्चा की गई।
प्रांतीय प्रधानाचार्य कार्य योजना बैठक का शुभारंभ, शिक्षा गुणवत्ता पर हुआ मंथन


