अयोध्या
राम मंदिर परिसर के परकोटा में बने शिव मंदिर पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ध्वजारोहण करेंगे। इस धार्मिक और भव्य कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह में करीब 1000 विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें संत-धर्माचार्य, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग शामिल होंगे।
कार्यक्रम में प्रवेश के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। सभी आमंत्रित अतिथियों को क्यूआर कोड युक्त पास जारी किए गए हैं और इन्हीं पास के जरिए राम मंदिर परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा कारणों से बिना पास किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही मोबाइल फोन, लाइसेंसी हथियार और निजी सुरक्षाकर्मियों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
मुख्यमंत्री दोपहर बाद अयोध्या पहुंचेंगे और निर्धारित समय के अनुसार शाम करीब पांच बजे शिव मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों को रामलला का प्रसाद वितरित किया जाएगा और मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन की व्यवस्था भी रहेगी। मुख्यमंत्री इस दौरान हनुमानगढ़ी में भी पूजा-अर्चना करेंगे।
इस आयोजन को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पूरे राम मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है, वहीं ड्रोन कैमरों के जरिए भी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। एटीएस और सुरक्षा बलों की टीमें तैनात की गई हैं और रातभर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है।


