हरदोई: जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अलियापुर गांव में 22 अप्रैल की देर रात हुई संदिग्ध आग की घटना में झुलसी 6 वर्षीय बच्ची संध्या की इलाज के दौरान मौत हो गई। लखनऊ में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
परिवार के मुताबिक, घटना की रात घर में बिजली नहीं थी। ऐसे में बच्ची के पिता रामू छत पर सोने चले गए थे, जबकि कमरे में उनकी पत्नी 34 वर्षीय बेबी और बेटी संध्या मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक कमरे में आग लग गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं।
पीड़ित परिवार ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार किया है। बच्ची के चाचा राधेश्याम ने आरोप लगाया है कि किसी ने कमरे के रोशनदान से पेट्रोल डालकर आग लगाई। उनका कहना है कि आग लगने के दौरान धमाके जैसी आवाज भी आई और कमरे की दीवार की कुछ ईंटें गिर गईं, जिससे घटना को संदिग्ध माना जा रहा है।
घटना के बाद घायलों को पहले बिलग्राम सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां का इलाज जारी है और स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि हाल ही में परिवार में शादी के दौरान गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस आधार पर उन्होंने पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है और पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


