हरदोई: जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के नारायनपुर गांव में मंगलवार को एक युवक का शव उसके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय सचिन पुत्र हरिकिशोर के रूप में हुई है, जो गांव में हेयर कटिंग का काम करता था। वह अपने दो भाइयों में बड़ा था। घटना के समय उसके पिता दिल्ली में नौकरी पर थे, जबकि मां एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने शाहजहांपुर गई हुई थीं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर सचिन घर पहुंचा और अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर न आने पर किसी को संदेह नहीं हुआ। शाम के समय जब उसकी दादी घर लौटीं और कमरे की खिड़की से अंदर देखा, तो युवक अचेत अवस्था में लटका दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया।
सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम शाम करीब 5 बजे मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध माना जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, सचिन अविवाहित था और परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


