31 C
Lucknow
Monday, April 27, 2026

भारत भ्रमण पर आए नेपाल के 20 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने सतीश महाना से की शिष्टाचार भेंट

Must read

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना (Satish Mahana) ने कहा कि भारत और नेपाल (India and Nepal) के मध्य प्राचीनकाल से ही घनिष्ठ एवं आत्मीय संबंध रहे हैं, जो धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आधार पर निरंतर सुदृढ़ होते रहे हैं। भारत भ्रमण पर आए नेपाल के 20 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तर प्रदेश विधान सभा में माननीय अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान उपर्युक्त विचार व्यक्त किए।

माननीय अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी विषय को प्रस्तुत करने से पूर्व उसकी पूर्ण एवं सत्य जानकारी का परीक्षण आवश्यक है। वर्तमान समय में टीआरपी की प्रतिस्पर्धा के कारण नकारात्मकता को प्रमुखता दिए जाने की प्रवृत्ति चिंताजनक है, जबकि मीडिया का दायित्व समाज में संतुलित एवं सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करना है।

उन्होंने मीडिया की भूमिका को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि इसकी जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, विशेषकर संसद एवं विधान सभा की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष दोनों की समान भूमिका होती है तथा अध्यक्ष दोनों के प्रति समान रूप से उत्तरदायी होता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश विधान सभा पूर्णतः आधुनिक एवं डिजिटल स्वरूप में विकसित हो चुकी है, जहां पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ कार्य संपादित किए जा रहे हैं।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधान सभा भवन का विस्तृत भ्रमण किया तथा विभिन्न स्थलों का अवलोकन किया। इसके उपरांत माननीय अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिनिधिमंडल को विधानमंडल की कार्यप्रणाली, विधि-निर्माण प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर जिज्ञासाएं व्यक्त कीं, जिनका माननीय अध्यक्ष द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। उन्हें विधानमंडल की कार्यप्रणाली तथा कानून निर्माण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।

उल्लेखनीय है कि नेपाल के 20 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर है और विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहा है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव, विधान सभा श्री प्रदीप दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article