35 C
Lucknow
Monday, April 27, 2026

भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से जूझ रहे लोग, फैजबाग में आरओ प्लांट लगाने की उठी मांग

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच कस्बा क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। हालात यह हैं कि लोग शीतल और स्वच्छ पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। इस गंभीर समस्या को देखते हुए भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से कस्बा फैजबाग में आरओ प्लांट स्थापित कराने की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में लगे अधिकांश सरकारी हैंडपंपों से निकलने वाला पानी प्रदूषित और बदबूदार है। लोगों का कहना है कि यदि इस पानी को किसी बर्तन में कुछ समय के लिए रखा जाए, तो वह पीला पड़ जाता है और उसके ऊपर परत जमने लगती है। ऐसे में मजबूरीवश लोग उसी दूषित पानी का सेवन कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अप्रैल माह के अंतिम दिनों में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। दोपहर के समय सड़कों और चौराहों पर सन्नाटा छा जाता है, जबकि लोग गर्मी से राहत पाने के लिए छायादार स्थानों की तलाश में भटकते नजर आते हैं। ऐसे में राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता बेहद जरूरी हो जाती है।
फैजबाग क्षेत्र मुख्य चौराहा होने के कारण यहां प्रतिदिन सैकड़ों-हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन प्यास बुझाने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। न तो किसी जनप्रतिनिधि द्वारा और न ही प्रशासन की ओर से अब तक यहां आरओ प्लांट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस संबंध में भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राम बहादुर राजपूत ने बताया कि पूर्व में भी इस समस्या को लेकर प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में राहगीरों और स्थानीय लोगों को ठंडा एवं स्वच्छ पानी मिलना बेहद जरूरी है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि क्षेत्र के सरकारी हैंडपंपों के पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और फैजबाग चौराहे पर जल्द से जल्द आरओ प्लांट स्थापित कराया जाए, ताकि लोगों को प्रदूषित पानी पीने की मजबूरी से राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article