32 C
Lucknow
Sunday, April 26, 2026

मंगेतर के साथ हुई घटना में गंभीर आरोप, एसपी के आदेश पर जांच शुरू

Must read

 

फतेहपुर में मंगेतर के साथ घूमने निकली एक युवती और उसके होने वाले पति के साथ जंगल में हुई कथित घटना ने सनसनी फैला दी है। मामले में तीन युवकों पर बंधक बनाकर अश्लील वीडियो बनाने, मारपीट, दुष्कर्म और ऑनलाइन पैसे वसूलने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने एसपी के निर्देश पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, थरियांव क्षेत्र के एक गांव के युवक की शादी खागा कोतवाली क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। 24 अप्रैल को युवक अपनी मंगेतर को खागा बाजार में घुमाने के बाद उसे उसकी मौसी के घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान कुटीपर नहर पुलिया के पास दोनों रुककर कोल्डड्रिंक पी रहे थे।

आरोप है कि तभी एक युवक वहां पहुंचा और बाद में अपने दो साथियों को बुला लिया। इसके बाद तीनों ने दोनों को धमकाकर जंगल में ले जाकर उनके अश्लील फोटो और वीडियो बनाए। विरोध करने पर मारपीट की गई और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।

मामले में यह भी आरोप है कि युवती को कुछ दूरी पर ले जाकर एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य ने वीडियो बनाया और धमकी दी कि यदि किसी को बताया गया तो सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी। इसी दौरान युवक के यूपीआई से 2500 रुपये भी जबरन ट्रांसफर कराए गए।

पीड़ितों के अनुसार, घटना के बाद दोनों को धमकी देकर छोड़ा गया। दहशत में आकर उन्होंने पहले 1076 पर सूचना दी और बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि कार्रवाई से असंतुष्ट होकर रविवार को दोनों एसपी कैंप कार्यालय पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में बयान दर्ज किए जा चुके हैं और जांच जारी है। सीओ दुर्गेश दीप ने बताया कि शिकायत संज्ञान में ली गई है और खागा कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं खागा कोतवाल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला वीडियो बनाकर धमकाने और पैसे वसूलने का प्रतीत हो रहा है, जबकि दुष्कर्म के आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article