33 C
Lucknow
Monday, April 27, 2026

ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर महिला से 5.25 लाख की ठगी, साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज

Must read

 

बरेली में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई, जहां पार्सल न मिलने की शिकायत को लेकर इंटरनेट से कस्टमर केयर नंबर खोजना भारी पड़ गया। ठगों ने खुद को शॉपिंग वेबसाइट का कर्मचारी बताकर महिला को झांसे में लिया और उसके बैंक खाते से सवा पांच लाख रुपये निकाल लिए।

जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर की कर्मचारी नगर ऑफिसर्स कॉलोनी निवासी मंजू ने 19 अप्रैल को एक शॉपिंग वेबसाइट से पार्सल ऑर्डर किया था, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं होने पर उन्होंने इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर खोजा। इसी दौरान उन्होंने एक नंबर पर संपर्क किया, जो साइबर ठगों का निकला।

फोन पर बातचीत के दौरान ठगों ने महिला से धीरे-धीरे निजी और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने व्हाट्सएप पर “शिकायत और सुझाव” के नाम से एक APK फाइल भेजी, जिसे खोलते ही महिला का मोबाइल हैक हो गया।

मोबाइल हैक होने के बाद कुछ ही मिनटों में महिला के बैंक खाते से पांच बार में कुल 5.25 लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना से घबराई महिला ने तुरंत एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

थाना प्रभारी केबी सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर नंबर और APK फाइल के जरिए पूरी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर पर कॉल करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांचें और किसी भी स्थिति में APK फाइल या संदिग्ध लिंक को डाउनलोड या ओपन न करें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article