पेपर लीक की अफवाहों पर सख्ती; बरेली से ‘मुन्नाभाई’ गिरफ्तार
लखनऊ। प्रदेश में चल रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन अभ्यर्थियों की भारी भागीदारी देखने को मिली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार रविवार को प्रदेश के 74 जिलों में बनाए गए 1053 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 8,44,066 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,49,435 ने परीक्षा दी। इस तरह दूसरे दिन 76.94 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज और बरेली के कोतवाली थाने में पेपर लीक और अफवाह फैलाने के मामलों में एफआईआर दर्ज की गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और यूट्यूब पर कथित पेपर बेचने और वायरल करने के प्रयासों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई और संबंधित चैनलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि टेलीग्राम पर “यूपी होमगार्ड एग्जाम” नाम के चैनल के जरिए प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी बेचने का दावा किया जा रहा था। आरोपियों द्वारा पूरा पेपर 15 हजार रुपये और आधा पेपर 8 हजार रुपये में बेचने की बात कही गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंपी है।
वहीं बरेली जिले के साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में बायोमेट्रिक जांच के दौरान फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। हरदोई निवासी अनुराग नामक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देता हुआ मिला। बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को सख्त नियमों का पालन कराते हुए केंद्रों में प्रवेश दिया गया। बेल्ट, घड़ी, टोपी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। प्रशासन का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


