मैनपुरी
जिले में सड़क और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के प्रस्ताव पर जनपद में छह सड़कों के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के तहत कुल 2.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1.49 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
शासन के विशेष सचिव अनिल कुमार सिंह द्वारा 24 अप्रैल को जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में बताया गया कि यह कार्य त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। इस योजना के तहत जिले में कुल 4.4 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और सुधार कार्य कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
स्वीकृत सड़कों में ज्योंती फतेहगंजपुर मार्ग से सरकारी अस्पताल सलेमपुर तक, देवी नगर से कुरहट मंदिर तक, उद्दैतपुर अभई से पीरपुर होते हुए अस्यौली मार्ग तक, तथा नौनेर पंचायत के जरामई असरगढ़ी लिंक रोड से नगला अखई पुलिया तक के मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र में देवी रोड चुंगी से नीलकंठ महादेव मंदिर होते हुए धारऊ बाइपास तक तथा प्राथमिक विद्यालय नगला बेटा से ठाकुरदास की ओर तक सड़क निर्माण भी कराया जाएगा।
इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में भी काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे तय समय सीमा में परियोजना को पूरा किया जा सके।


