– बेटियों की बढ़ती भागीदारी पर गर्व, माफिया के लिए ‘नो एंट्री’
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा विजन पेश किया है। पुलिस लाइनों में आयोजित परेड के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उनका लक्ष्य यूपी पुलिस को दुनिया की सबसे बेहतरीन पुलिस बलों में शामिल करना है—और इसके लिए तेजी से काम हो रहा है।
सीएम योगी ने नए सिपाहियों के प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि अब पुलिस बल आधुनिक हथियारों और तकनीक से लैस हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से महिला सिपाहियों की बढ़ती भागीदारी को समाज के लिए “गर्व की बात” बताया। उनका कहना था कि बेटियों का पुलिस बल में आगे आना न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देगा।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के जीवन स्तर को सुधारने पर भी जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि पुलिस बल के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि उनके परिवारों को भी सम्मानजनक और आरामदायक जीवन मिल सके। लंबे समय से आवास और सुविधाओं की कमी झेल रहे सिपाहियों के लिए यह एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
सीएम योगी ने अनुशासन को पुलिस की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि इसे हर हाल में बनाए रखना होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में माफिया राज अब खत्म हो चुका है और आगे भी किसी भी माफिया के लिए कोई जगह नहीं होगी। यह बयान सीधे तौर पर सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति को मजबूत करता है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में सुधार और आधुनिकरण का भी भरोसा दिया। उनका कहना है कि अगर प्रशिक्षण मजबूत होगा, तो पुलिसिंग का स्तर अपने आप बेहतर होगा। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से अपील की कि वे अपने कामकाज के तरीके को और प्रोफेशनल बनाएं, ताकि जनता का भरोसा और मजबूत हो।
“दुनिया की बेहतरीन पुलिस” बनाने का लक्ष्य सीएम योगी का बड़ा विजन


