कौशांबी
करारी थाना क्षेत्र स्थित छोटा अड़ाहरा गांव में हुए भारत यादव हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार में गहरा असंतोष बना हुआ है। घटना के एक सप्ताह बाद भी न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही परिवार की प्रमुख मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई हुई है। इससे परिजन खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।
परिवार का आरोप है कि विभिन्न राजनीतिक दलों, खासकर समाजवादी पार्टी के नेता और पदाधिकारी उनसे मिलने तो आ रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन देकर लौट जाते हैं। उनका कहना है कि अब तक न तो कोई आर्थिक सहायता मिली है और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल की गई है। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने अंतिम संस्कार से पहले ही अपनी मांगें प्रशासन के सामने रख दी थीं, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
शनिवार देर शाम मानसिंह यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुआवजे की मांग उठाने की बात कही, साथ ही अखिलेश यादव से मिलकर आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। हालांकि, परिवार इन वादों से संतुष्ट नहीं है और उनका कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और न्याय चाहिए।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि मामले के दो मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में विफल रही है। उनका कहना है कि हर बार अधिकारियों और नेताओं के सामने यह मुद्दा उठाया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा। इस मामले को लेकर अब प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं, जबकि पीड़ित परिवार न्याय, आरोपियों की गिरफ्तारी और वास्तविक सहायता की मांग पर अडिग है।


