अमृतपुर फर्रुखाबाद
थाना क्षेत्र के ग्राम झंडी की मड़ैया स्थित प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद शिक्षा विभाग और क्षेत्र में रोष का माहौल बना हुआ है।
ग्राम असलानपुर निवासी अनिल कुमार सिंह, जो प्राथमिक विद्यालय झंडी की मड़ैया में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना अमृतपुर में दी गई तहरीर में बताया कि विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने के बाद वह बरामदे में खड़े थे। इसी दौरान गांव के ही सुखदेव पुत्र नेकराम एवं विनोद पुत्र मुन्नालाल मौके पर पहुंचे और बिना किसी कारण उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।
पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उनके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। शोर सुनकर अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना अमृतपुर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है और विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


