कायमगंज कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं, साथ ही उनकी दो स्कॉर्पियो गाड़ियां भी कब्जे में ले ली गईं।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भाटी की टीम ने टेढ़ीकोन चौराहे से आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों में पुरुषोत्तम सक्सेना उर्फ मल्लू (उरई, जालौन), दीपू परिहार, प्रदीप कुमार (अकोड़ी, जालौन) और कुलदीप गौतम (अकनीवा, जालौन) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 बोर रिवॉल्वर, 59 जिंदा कारतूस, 2 खोखा, 12 कारतूस (.315 बोर), 10 कारतूस (12 बोर) और चार शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि 23 अप्रैल की रात कायमगंज के पटवन गली स्थित धर्मशाला में आयोजित शादी समारोह में इन आरोपियों ने हर्ष फायरिंग की थी, जिसमें दुल्हन के जीजा का भाई गोली लगने से घायल हो गया था।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम सक्सेना एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 14 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस अब आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है।


