शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। प्रयागराज बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान और प्रदेश में चौथा स्थान हासिल करने वाली मेधावी छात्रा अंशिका यादव को सम्मानित किया गया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा ने छात्रा के घर पहुंचकर उसे उपहार स्वरूप साइकिल भेंट की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड क्षेत्र के ग्राम गंग लऊ निवासी मनीष कुमार यादव की पुत्री अंशिका यादव ने हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में टॉप किया और पूरे प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से ही छात्रा को बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है।
इसी क्रम में मनोज मिश्रा अपने समर्थकों के साथ अंशिका के आवास पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण भी मौजूद रहे। जिला पंचायत सदस्य ने छात्रा को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि अंशिका की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से ही सफलता हासिल की जा सकती है। यदि किसी कारणवश सफलता न मिले तो निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
अंशिका यादव ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उसने बताया कि भविष्य में वह प्रशासनिक सेवाओं में जाकर समाज सेवा करना चाहती है।
जिले की टॉपर अंशिका यादव को साइकिल भेंट कर किया सम्मानित, चौथा स्थान पाकर प्रदेश में बढ़ाया मान


