बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की बेटी से जुड़ी एक साइबर अपराध घटना में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह मामला ऑनलाइन गेमिंग के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक संदेश भेजे जाने और न्यूड तस्वीरें मांगने से जुड़ा बताया जा रहा है।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस के ADGP यशस्वी यादव ने मुंबई के आर.डी. नेशनल कॉलेज में आयोजित साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम के दौरान इस कार्रवाई की जानकारी दी। हालांकि उन्होंने गिरफ्तारी की सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तेजी से जांच शुरू की गई और आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया गया।
ADGP यादव के अनुसार, इस मामले में अक्षय कुमार की बेटी ने समय रहते हिम्मत दिखाते हुए पूरी बात अपने परिवार को बताई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसी सतर्कता के चलते साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
कार्यक्रम के दौरान अक्षय कुमार का अक्टूबर 2025 का एक वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने इस घटना का जिक्र करते हुए साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की बात कही थी। अक्षय ने बताया था कि उनकी बेटी एक ऑनलाइन गेम खेल रही थी, तभी एक अनजान व्यक्ति ने आपत्तिजनक संदेश भेजते हुए निजी तस्वीरें मांगने की कोशिश की थी।
उन्होंने यह भी बताया था कि उनकी बेटी ने तुरंत गेम बंद कर अपनी मां को पूरी बात बताई, जिससे समय पर कार्रवाई संभव हो सकी। इस घटना को उन्होंने साइबर अपराध का गंभीर उदाहरण बताते हुए अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान देने की सलाह दी थी।


