– केंद्रों पर कसी शिकंजा, नकल माफियाओं को खुली चेतावनी
फर्रुखाबाद। होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर जिले में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। खुद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मैदान में उतरकर परीक्षा केंद्रों की हकीकत परख रहे हैं। साफ संदेश है—इस बार नकल, सिफारिश और सेटिंग का खेल नहीं चलेगा।
डीएम अंकुर लाठर ने निरीक्षण के दौरान बेहद कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। केंद्रों पर सीसीटीवी, अभ्यर्थियों की चेकिंग और बैठने की व्यवस्था को लेकर उन्होंने एक-एक बिंदु पर अधिकारियों की जवाबदेही तय कर दी। लाठर ने चेतावनी दी कि अगर कहीं भी लापरवाही या मिलीभगत सामने आई तो सीधे कार्रवाई होगी, चाहे वह कोई भी अधिकारी क्यों न हो।
वहीं एसपी आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर दी है। उन्होंने पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखते हुए निर्देश दिए कि हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के बाहर और अंदर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि नकल माफियाओं की हर चाल को मौके पर ही ध्वस्त किया जा सके।
जिले के विभिन्न कॉलेजों और विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि इस बार प्रशासन ने पिछले वर्षों की खामियों से सबक लेते हुए मजबूत प्लानिंग की है। अभ्यर्थियों की एंट्री से लेकर सीटिंग अरेंजमेंट तक हर प्रक्रिया को व्यवस्थित किया गया है। केंद्रों के आसपास भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, ऐसे में प्रशासन पर निष्पक्षता बनाए रखने का दबाव भी बड़ा है। पिछले वर्षों में कई जिलों में नकल और पेपर लीक के मामलों ने भर्ती प्रक्रिया की साख पर सवाल खड़े किए थे, लेकिन फर्रुखाबाद प्रशासन इस बार कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं दिख रहा।
डीएम और एसपी की संयुक्त सक्रियता ने साफ कर दिया है कि यह परीक्षा सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन की साख की परीक्षा भी है। अब देखना यह होगा कि यह सख्ती जमीन पर कितनी कारगर साबित होती है और क्या वास्तव में नकल माफिया पर पूरी तरह लगाम लग पाती है या नहीं।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026: डीएम डॉ अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह का सख्त एक्शन


