मैनपुरी
जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा आज से शुरू हो गई है। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले के 11 केंद्रों पर कुल 20,736 परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पूर्व में ही स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान कई परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई थी। विशेष रूप से क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, डॉ. बीआर आंबेडकर पीजी कॉलेज, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज और दयानंद इंटर कॉलेज में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाई गई थीं। इसके साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए थे।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक एंबुलेंस, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं नगर पालिका को प्रत्येक केंद्र पर ठंडे पानी के टैंकर उपलब्ध कराने और प्रतिदिन पानी बदलने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीषण गर्मी के बीच परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी। विभिन्न केंद्रों पर निर्धारित संख्या के अनुसार अभ्यर्थियों की व्यवस्था की गई है, जिसमें सनातन धर्म इंटर कॉलेज में 480, जबकि कई अन्य केंद्रों पर 240 से 384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर 11 सेक्टर और 11 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ सीसीटीवी निगरानी भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेशचंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


