29 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

युवक का शव पेड़ से लटका मिला, मौत के कारणों पर सस्पेंस

Must read

 

फतेहपुर जिले में एक 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

 

घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र के भिटार मोहल्ले की है, जहां शुक्रवार को ग्रामीणों ने घर से लगभग 600 मीटर दूर जंगल में एक बबूल के पेड़ से युवक का शव लटका देखा। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और तत्काल परिजनों को सूचना दी गई।

 

सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच प्रक्रिया शुरू की। मृतक की पहचान 18 वर्षीय राहुल रैदास के रूप में हुई, जो स्थानीय निवासी कल्लू रैदास का पुत्र था।

 

परिजनों के अनुसार राहुल गांव के बाहर सैलून की दुकान चलाता था। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह दुकान खोलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने रात में ही पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी।

 

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों द्वारा शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के पिता ने आशंका जताई है कि यह मामला संदिग्ध हो सकता है और मौत के पीछे की असल वजह सामने आनी बाकी है।

 

गाजीपुर थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका मिला है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article